योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते मुख्यमंत्री
10 वर्ष के विकास का रोड मैप तैयार कर रही है राज्य सरकार: धामी
मुख्यमंत्री ने रूड़की में किया 70 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
भास्कर समाचार सेवा
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को रुड़की स्थित नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में कुल 5871.17 लाख की 56 योजनाओं का लोकार्पण एवं 1206.99 लाख की कुल 11 योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हमारी सरकार उत्तराखंड को आदर्श राज्य बनाना चाहती है, इसके लिए राज्य के विकास का अगले 10 वर्ष का रोडमैप तैयार किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक नगर के विकास में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होने कहा कि राज्य की कार्यसंस्कृति में सुधार किया जा रहा है। अधिकारियों की जनता के प्रति जवाबदेही तय करने के लिए उन्हें हर कार्य दिवस पर सुबह 10 से 12 बजे तक जनसुनवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार नो पेंडेंसी को आधार बनाकर कार्य करेगी। दफ्तरों में ज्यादा मामले लंबित तो नहीं हैं इसे देखने के लिए मैं खुद जहां जाऊंगा, वहां औचक निरीक्षण करूंगा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधामनंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों में देश सुरक्षित है। उनके कार्यकाल में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए और दुनिया में भारतवर्ष का गौरव भी बढ़ा। हमारी सरकार ने कोरोना से प्रभावित सभी क्षेत्रों के लोगों को राहत पैकेज की घोषणा की है। पर्यटन, स्वास्थ्य, परिवहन और आजीविका के क्षेत्र में राज्य सरकार ने करोड़ों की राहत राशि प्रदान की है। कोरोना की लड़ाई में अभूतपूर्व योगदान देने वाले कार्मिकों को भी सम्मान राशि देकर प्रोत्साहित किया गया है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा शुरू न हो पाने से लाखों लोगों की आजीविका प्रभावित हुई है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, स्वामी यतीश्वरानंद, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, स्थानीय विधायक प्रदीप बत्रा, विधायक लक्सर संजय गुप्ता, विधायक खानपुर कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, विधायक झबरेड़ा देशराज कर्णवाल एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
The post योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते मुख्यमंत्री appeared first on Dainik Bhaskar | Uttar Pradesh News, UP Dainikbhaskar.