सिविल अस्पताल रुड़की में लगाए गए दिव्यांग शिविर अव्यवस्था की भेंट चढ़ा
रुड़की। सिविल अस्पताल रुड़की में लगाए गए दिव्यांग शिविर अव्यवस्था की भेंट चढ़ गया। शिविर में केवल ब्लॉक स्तर तक की व्यवस्था की थी। जबकि विभाग ने पूरे जिले से दिव्यांगो को इस शिविर में बुलवाया लिया। जिससे दिव्यांगो को घंटों लाइन में खड़ा होना पड़ा। इतना ही नहीं कई दिव्यांग बिना जांच कराए ही वापस लौट गए। हरिद्वार जिले में दिव्यांग सार्टिफिकेट बनाने के लिए चार कैंप लगाए जाते थे। जिसमें से दो रुड़की सिविल अस्पताल में लगते थे दो हरिद्वार में लगते थे। लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने कैंप की संख्या घटाकर आधी कर दी। जिसमें से रुड़की में महीने के तीसरे मंगलवार को ही मात्र एक कैंप लगाने के आदेश हो गए। आदेश के बाद मंगलवार को रुड़की सिविल अस्पताल से डेढ़ सौ से अधिक दिव्यांग सार्टिफिकेट बनाने सिविल अस्पताल पहुंच गए। कैंप में मौजूद हडडी रोग विशेषज्ञ डॉ. राजकुमार और आंख रोग विशेषज्ञ डॉ. महेश खेतान कुल 95 दिव्यांगो को देख पाए। जबकि अन्य सभी को निराश होकर वापस जाना पड़ा। मंगलौर से आए उमर ने बताया कि वह अपने दिव्यांग छोटे भाई को लेकर कैंप में आया था। लेकिन कैंप में काफी देर इंतजार करने के बाद वापस लौटना पड़ा। हरिद्वार के रावली मेहदूद से आए संतोष ने बताया कि वही अपने बेटे को लेकर सुबह आ गया था। लेकिन भीड़ बहुत होने के कारण नंबर नहीं आ पाया। भीड़ की अधिककता के चलते अस्पताल प्रबंधन को कई बार पीआरडी के जवानों का सहारा भी लेना पड़ा।
The post सिविल अस्पताल रुड़की में लगाए गए दिव्यांग शिविर अव्यवस्था की भेंट चढ़ा appeared first on Dainik Bhaskar | Uttar Pradesh News, UP Dainikbhaskar.